JS News 24 / Sat, Aug 1, 2026 / Post views : 16
पीलीभीत:- बीसलपुर नगर में मेडिकल स्टोर के सामने ठेले हटाने को लेकर उपजे विवाद में नायब तहसीलदार और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक का मामला सामने आया है। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र गंगवार ने नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार यादव (वीरपाल यादव) पर अभद्रता करने और अपशब्दों का प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना से आक्रोशित भाजपाइयों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचकर जमकर विरोध दर्ज कराया और अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र गंगवार के मेडिकल स्टोर के सामने सड़क पर कुछ ठेले खड़े थे। इसी बात को लेकर नायब तहसीलदार से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि नायब तहसीलदार ने उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया। घटना की खबर फैलते ही भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी व्याप्त हो गई। नगर अध्यक्ष उमाकांत मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नायब तहसीलदार की शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नागेंद्र पांडे ने आक्रोशित भाजपा पदाधिकारियों से वार्ता की और उन्हें शांत कराया। एसडीएम ने मंडल उपाध्यक्ष को मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराने को कहा, ताकि नियमानुसार विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
इस दौरान पूर्व जिला महामंत्री अमित अग्रवाल, शिवम शुक्ला, विकेश गुप्ता, नितिन कुमार, उज्जवल अग्रवाल, आनंद गुप्ता, अजय गुप्ता, संजय भारती, उबैद, राकेश गंगवार, वाजिद खां सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
नायब तहसीलदार द्वारा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष से अभद्रता करने की शिकायत मिली है। मंडल उपाध्यक्ष से लिखित शिकायत देने को कहा गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नागेंद्र पांडे, उप जिलाधिकारी (एसडीएम), बीसलपुर
मेरे ऊपर लगाए जा रहे सभी आरोप सरासर गलत और निराधार हैं। मैंने किसी के साथ भी कोई अभद्रता या अमर्यादित व्यवहार नहीं किया है। उप जिलाधिकारी स्तर से मामले की जांच की जा रही है, जांच में सच सामने आ जाएगा।
वीरपाल यादव, नायब तहसीलदार, बीसलपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन