JS News 24 / Mon, Sep 7, 2026 / Post views : 268
पीलीभीत :- बीसलपुर क्षेत्र में बहने वाली कटना नदी में छलांग लगाने के बाद लापता हुए 22 वर्षीय विकास की तलाश सोमवार सुबह दुखद मोड़ पर समाप्त हुई। भीषण बारिश और खराब मौसम के बीच एसएसबी की टीम ने सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे भोगापुर के पास नदी से विकास का शव बरामद कर लिया।
विकास रविवार को नदी में छलांग लगाने के बाद से ही लापता था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था। भारी बारिश और नदी के तेज बहाव के बावजूद एसएसबी की टीम प्रभारी गोकुल चंद्र जाट रविवार से लगातार सर्च अभियान में जुटी हुई थी। सोमवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला। एसडीएम नागेंद्र पांडे ने बताया कि खराब मौसम और बारिश के कारण अभियान में काफी चुनौतियां आ रही थीं, लेकिन रेस्क्यू टीम बिना रुके डटी रही। सोमवार सुबह सफलता मिलते ही विकास के शव को बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि अब नदी में डूबे दूसरे व्यक्ति चौसरा निवासी वृद्ध कैलास सक्सेना की तलाश के लिए अभियान चलाया जाएगा।
इस रेस्क्यू अभियान में एसएसबी के हेड कांस्टेबल गोकुल चंद जाट, कांस्टेबल अरुण कुमार, वसीम खान, कैलाश चंद जाट, सुरेंद्र सिंह राणा और राकेश यादव की अहम भूमिका रही।
शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन