JS News 24 / Mon, Jul 13, 2026 / Post views : 351
पीलीभीत:- बीसलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जोगीठेर में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक ट्रक की डीजल टंकी में वेल्डिंग करते समय अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाका इतना तेज था कि टंकी के परखच्चे उड़ गए और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
लीकेज ठीक कराते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जोगीठेर निवासी बालकृष्ण के ट्रक (संख्या: यूपी 25 सीटी 4086) की डीजल टंकी में लीकेज था। लीकेज ठीक कराने के लिए बालकृष्ण का पुत्र रवि और ट्रक चालक वाहिद अली टंकी को निकालकर गांव में ही स्थित 'मोनिस वेल्डिंग दुकान' पर ले गए थे। वेल्डर मोनिस जैसे ही डीजल टैंक की वेल्डिंग करने लगा, तभी अत्यधिक गर्मी और टंकी के भीतर बनी गैस के कारण अचानक भयानक विस्फोट हो गया।
घायलों की हालत नाजुक, अस्पताल रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए भिजवाया। गंभीर रूप से घायल राजू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है। वेल्डर मोनिस और चालक वाहिद को पहले सीएचसी बरखेड़ा ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी
अचानक हुए इस जोरदार धमाके से पूरे बाजार और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस प्रशासन के अनुसार, घटनास्थल पर फिलहाल शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन