JS News 24 / Tue, Aug 11, 2026 / Post views : 452
पीलीभीत:- दहेज उत्पीड़न और ससुराल पक्ष की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर न्याय न मिलने से क्षुब्ध एक विवाहिता मंगलवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसने टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर अपना दुपट्टा बांधकर गले में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने चार घंटे की मशक्कत और दो जांबाज बिजली लाइनमैनों की मदद से महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।
बीसलपुर के मोहल्ला पटेल नगर कॉलोनी निवासी स्वर्गीय पूरनलाल की पुत्री मनीषा का विवाह 29 अप्रैल 2025 को बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव दियोरिया खुर्द निवासी धर्मेंद्र के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही दो लाख रुपये नकद और सोने की चेन की मांग को लेकर ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
जनवरी 2026 में महिला ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। पिता की मृत्यु के बाद भाइयों से विवाद होने के कारण मनीषा नगर के मोहल्ला बख्तावर लाल में किराए के मकान में रहने लगी।
पीड़िता के अनुसार, बीते 4 अगस्त को उसका पति उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां उसका सारा कीमती सामान व जेवर छीन लिए गए और कमरे में बंद कर जानलेवा हमला किया गया। किसी तरह जान बचाकर भाग निकली पीड़िता दो दिन पूर्व बिलसंडा थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उसे डांटकर भगा दिया।
पुलिस की बेरुखी से हताश मनीषा मंगलवार सुबह लगभग 8:30 बजे मोहल्ला दुर्गा प्रसाद स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और फंदा लगा लिया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर एसडीएम नागेंद्र पांडेय, प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला और तहसीलदार पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों द्वारा लगातार समझौते और आश्वासन के बाद दोपहर लगभग 12:20 बजे महिला नीचे उतरने को राजी हुई।
महिला को नीचे उतारने पहुंची अग्निशमन दल की टीम और स्थानीय पुलिसकर्मी टावर पर चढ़ने का साहस नहीं जुटा सके। इसके बाद प्रशासन ने बिजली मरम्मत करने वाले दो लाइनमैनों को बुलाया। दोनों लाइनमैनों ने रस्सी के सहारे टावर के सबसे ऊपरी पायदान पर पहुंचकर हिम्मत दिखाई और प्रचंड धूप में बदहवास बैठी महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।
चार घंटे तक भीषण धूप में रहने के कारण महिला के शरीर में पानी की गंभीर कमी (डिहाइड्रेशन) हो गई और उसे चक्कर आने लगे। पुलिस पहले उसे कोतवाली ले गई, फिर स्थिति को देखते हुए मोहल्ला बख्तावर लाल में उसकी परिचित महिला के पास छोड़ दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि महिला की स्थिति सामान्य होने पर शाम को उसकी ओर से पति, सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ मारपीट व सामान छीनने की तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन